गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में एनएच-27 ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें दो दोस्तों में से एक रंजय कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरा दोस्त अमरेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल है।
गोपालगंज जिले में तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा एनएच-27 ओवरब्रिज के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश से घर लौट रहे थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के सरैया नरेन गांव के रहने वाले रंजय कुमार और अमरेश ठाकुर एक ही बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश से अपने घर लौट रहे थे। दोनों जैसे ही सासामुसा एनएच-27 ओवरब्रिज के पास पहुंचे, बाइक तेज रफ्तार के कारण अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही रंजय कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि अमरेश ठाकुर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और माहौल गमगीन बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के मामले में जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर लगातार हो रहे हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि ओवरस्पीडिंग के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।