बिहार के गोपालगंज जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास के समीप एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास के समीप हुआ। मृतकों की पहचान कुचायकोट प्रखंड के नरहवा सुकुल गांव निवासी शैलेश कुमार राय और बरनैया गांव निवासी हर्षित ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पढे़ं: किन विभागों के अफसरों-कर्मियों पर निगरानी की नजर? घूसखोरों के पकड़ाने का खतरा कहां, देखें ट्रेंड
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
बंजारी बाईपास मोड़ को लेकर NHAI पर भड़के लोग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने एनएचएआई (NHAI) की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि बंजारी बाईपास मोड़ का डिजाइन सही नहीं है और यहां सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गलत इंजीनियरिंग के साथ संकेतक बोर्डों और बैरिकेडिंग की कमी के कारण यह मोड़ खतरनाक बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मोड़ पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराने में जुटे हैं।