सारण प्रमंडल में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार की पोल खुलती जा रही है। सारण, सिवान और गोपालगंज जैसे जिलों में अवैध शराब का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है। कई बार जहरीली शराब पीने से लोगों की जान जा चुकी है, बावजूद इसके यह अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के हरख पकड़ी सतजोड़ा गांव का है, जहां शराब पीने के बाद एक युवक की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। फिलहाल उसे छपरा स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी युवक की हालत
पहले घबराहट की शिकायत फिर बेहोश हो कर गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रंजीत को अचानक घबराहट हुई और उसने आंखों से धुंधला दिखाई देने की शिकायत की। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मसरख ले जाया गया। हालांकि मसरख सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय वार्ड पार्षद राहुल यादव ने भी घटना की पुष्टि की।