एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला–2025 में हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नौका दौड़ का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में हरेंद्र सहनी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल में भी चमका सारण, बना चैंपियन
सोनपुर मेला–2025 के आउटडोर कार्यक्रम के तहत आयोजित अंतर-प्रमंडलीय अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। कुल 09 प्रमंडलों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें निर्णायक मुकाबला सारण बनाम मुंगेर के बीच खेला गया।
सारण ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुंगेर को 2–1 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के आकर्षक खेल कौशल को देखकर दर्शक दीर्घा उत्साह और तालियों से गूंजती रही। फुटबॉल प्रतियोगिता के संयोजक रूपनारायण ने बताया कि सभी टीमों ने प्रभावशाली खेल दिखाया, जबकि फाइनल मैच रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा। फाइनल में विजेता सारण और उपविजेता मुंगेर की टीम को जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।