सीवान जिले के युवाओं के लिए सोमवार का दिन खास और प्रेरणादायक रहा। जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निशुल्क स्टडी किट, जबकि व्यवसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को स्वरोजगार के लिए टूल किट का वितरण किया गया। इस पहल से जिले के युवाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने स्टडी किट प्राप्त कर अपनी खुशी जाहिर की। युवाओं ने बताया कि तैयारी का जज्बा उनके भीतर पहले से है, लेकिन महंगी किताबें खरीदने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में सरकार द्वारा निशुल्क स्टडी किट उपलब्ध कराए जाने से उनकी तैयारी का रास्ता काफी आसान हो गया है। युवाओं का कहना है कि अब वे बिना किसी आर्थिक दबाव के पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी कर सकेंगे।
वहीं व्यवसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं के लिए टूल किट किसी वरदान से कम नहीं साबित हुई। टूल किट पाने वाले युवाओं ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे दूसरों की दुकानों या उपकरणों के सहारे काम करने को मजबूर थे, जिससे उनकी आमदनी सीमित रहती थी। अब अपनी टूल किट मिलने से वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी रोजगार से जोड़ने की दिशा में कदम उठा सकेंगे।
जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम के तहत जिले के 20 युवाओं को विभिन्न ट्रेड से जुड़ी टूल किट प्रदान की गई है, जिनमें सिलाई मशीन, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, प्लम्बर और आईसीटीएसएम ट्रेड शामिल हैं। इसके अलावा 46 स्टडी किट का वितरण किया गया, जिसमें बीपीएससी, एसएससी, बिहार शिक्षक, रेलवे, दरोगा, बीएसएससी, बिहार पुलिस, एडीईओ, दिल्ली पुलिस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित पुस्तकों की किट दी गई।
यह पहल न केवल जिले के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है।