सीवान जिले में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार में हुई। मृतक की पहचान अखिलेश्वर सिंह के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार सैलून से दाढ़ी बनवाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तरवारा बाजार में दिनदहाड़े फाइनेंसकर्मी नीतीश की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे विधायक
घटना की जानकारी मिलते ही महाराजगंज के विधायक हेम नारायण साह सीवान सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चार गोलियां लगने से हुई मौत
मृतक की पहचान तरवारा के जलालपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। बताया गया कि सैलून से निकलकर घर लौटने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।
फायरिंग में नीतीश को चार गोलियां लगीं। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
हत्या के कारणों का नहीं हो सका खुलासा
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने नीतीश को ही निशाना क्यों बनाया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar News: बिहार के 10 जिलों ऑरेंज अलर्ट, वज्रपात ने नौ लोगों की जान ली; जानिए कहां-कैसा रहेगा मौसम?
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
घटना के बाद मृतक के परिजन काफी आक्रोशित हैं। सदर अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। समाचार लिखे जाने तक शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही थी। वहीं, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।