तनाव की स्थिति के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
- फोटो : Amar Ujala
सिवान जिले के जी.बी. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओलीपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली सा दिखने वाला विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। उपहार और ज्वेलरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा मोड़ लिया कि एक युवक ने अपने ही रिश्तेदारों पर चाकू से हमला कर दिया।
उपहार को लेकर परिवार में विवाद शुरू
यह दर्दनाक घटना दीपक कुमार सिंह की शादी के दौरान हुई, जब लड़की पक्ष को दिए जाने वाले ज्वेलरी उपहार को लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने आपा खो दिया और गुस्से में आकर अपने ही परिजनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी बुआ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही जी.बी. नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया है। सिवान पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को जांच में लगाया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
ये भी पढ़ें-
पति ने बाहर जाने पर डांटा तो गर्भवती पत्नी ने लगाईृ फांसी, दो मासूमों सिर से उठा मां का साया
इलाके में तनाव का माहौल
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच जारी है और फर्द बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के पारिवारिक या सामाजिक विवाद को हिंसा में न बदलें और शांति बनाए रखें।