सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धेनुकी गांव के जिस घर में शहनाई बजने वाली थी वहां अब गहरा सन्नाटा छा गया है। गांव के 28 वर्षीय युवक और रेलवे कर्मचारी राजन कुमार साह की ड्यूटी के दौरान बैंगलूरू में संदिग्ध परिस्थितियों में असमय मौत हो जाने से पूरे परिवार के सपने टूट गए हैं। इस घटना ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर भी दौड़ गई है।
राजन के घर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे परिजन
परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप, भाई-बहन और अन्य परिजन सदमे में हैं। शादी की तैयारियों में व्यस्त घर में अचानक मातम छा गया है। घर वाले राजन के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन उनकी मृत्यु की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया। परिजन अब शव को गांव लाने और मौत के वास्तविक कारण जानने के लिए मैसूर के लिए रवाना हो चुके हैं।
16 फरवरी को घर आने वाला था मृतक
परिवार के अनुसार, राजन कुमार साह बैंगलूरू रेलवे स्टेशन पर तैनात थे। इसी महीने उसकी शादी होने वाली थी और घर में मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर थीं। राजन 16 फरवरी को छुट्टी लेकर गांव आने वाले थे ताकि शादी की रस्मों में शामिल हो सकें। लेकिन उससे पहले ही रेलवे प्रशासन की ओर से उनके निधन की सूचना मिल गई। यह खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें:
मनेर-दानापुर हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, 24 वर्षीय चालक की मौत
परिजन मौत के कारणों को लेकर चिंतित
राजन का पार्थिव शरीर केआर हॉस्पिटल, मैसूर में रखा गया है। परिजन मौत के कारणों को लेकर चिंतित हैं और सवाल उठा रहे हैं कि अभी तक मौत का स्पष्ट कारण क्यों नहीं बताया गया। ग्रामीणों का कहना है कि घर में खुशियों की तैयारी थी और आने वाली शहनाई की आवाज से पूरा घर गूंजने वाला था, लेकिन अब वहां मातम का माहौल है।