सार
बिहार के छपरा-मशरक मुख्य पथ एसएच-90 पर गौरा के औदालपट्टी माता स्थान के पास बालू लदे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जा रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए।
दशहरा पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन की आस लेकर घर से निकले श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। छपरा-मशरक मुख्य पथ एसएच-90 पर गौरा के औदालपट्टी माता स्थान के समीप बालू लदे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, मशरक से ऑटो पर सवार होकर सभी लोग दशहरा पूजा के अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल जा रहे थे। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े और उन्हें ऑटो से बाहर निकालने में जुट गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलने पर गौरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नगरा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पढे़ं: मोकामा विधायक अनंत सिंह और जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी पर एफआईआर, जानें किस मामले में हुआ केस दर्ज
दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं
मृतकों की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के गंगोई निवासी प्रमोद पंडित और नीरज के रूप में हुई है। दोनों की मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। त्योहार के मौके पर हुई इस दुर्घटना से इलाके में भी शोक का माहौल है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।