फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेपाल में भारी बारिश से उफान पर गंडक: सारण में बाढ़ का खतरा बढ़ा, सात तटवर्ती प्रखंडों में अलर्ट जारी

Tue, 29 Sep 2026 10:07 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण

सार

नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से सारण में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। सात तटवर्ती प्रखंडों में तटबंधों की निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। दरियापुर में करीब 100 घरों और 500 लोगों को ध्यान में रखते हुए राहत की तैयारी की जा रही है। 
विज्ञापन
जलस्तर बढ़ने के बाद पहुंची प्रशासन की टीम - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने सारण जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदी में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है और सोमवार की देर रात से लेकर मंगलवार की सुबह तक जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सात तटवर्ती प्रखंडों में तटबंधों की निगरानी, पेट्रोलिंग और संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों में वर्षा और आंधी की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों तक अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन


विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों के साथ देर शाम बैठक कर गंडक नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में गंडक नदी में करीब तीन लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है। इसके अलावा लगभग डेढ़ लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी आने की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

रात में भी प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी
प्रशासन ने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए रात्रि में भी त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। नदी और तटबंध के बीच बसे क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन उपलब्ध कराने और अन्य जरूरी राहत व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की गई है। विकास मित्रों को भी निगरानी में सक्रिय रखने तथा संबंधित पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर कम समय में राहत सामग्री उपलब्ध हो सके, इसके लिए वेंडर्स को चिह्नित कर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मुखियाओं के साथ समन्वय बनाकर जमीनी स्थिति की जानकारी लेते रहने को भी कहा गया है।
विज्ञापन


दरियापुर में 500 लोगों के लिए तैयारी
दरियापुर प्रखंड में संभावित प्रभावित क्षेत्रों की विशेष समीक्षा की गई। करीब 100 घरों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लगभग 500 लोगों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य एवं अन्य जरूरी सामग्री का अतिरिक्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया है। जरूरत पड़ने पर तटबंध के समीप सामुदायिक रसोई शुरू कर प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें-  नेपाल की बारिश से उत्तर बिहार में बाढ़ का असर: गंडक खतरे के करीब, इन गांवों में चार फीट तक घुसा पानी

आंधी-बारिश को लेकर गांवों में माइकिंग
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिले के सभी अंचलों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। तेज हवा और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की जा रही है। बीडीओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी लोगों को मौसम की स्थिति और प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।
विज्ञापन


डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि संभावित स्थिति को लेकर किसी प्रकार की अफरातफरी की जरूरत नहीं है, लेकिन तैयारी में कोई कमी भी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अगले दो-तीन दिनों तक तटबंधों और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए सभी संसाधन तैयार रखने को कहा है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें