सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र के सलाहपुर–सरैया गांव के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज पुलिस कस्टडी में सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
ये भी पढ़ें: छपरा में रफ्तार का कहर, शराब लदी अनियंत्रित कार ने दुकानदार को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत
क्या कहती है पुलिस?
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल विशाल कुमार के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।