फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: सिर कटे शव का सनसनीखेज खुलासा! शादी की जिद, सुपारी और अवैध संबंध ने ली मुस्तफा की जान

Sat, 27 Jun 2026 08:02 PM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

गोपालगंज के विशंभरपुर थाना क्षेत्र में मिले सिर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि एक महिला से कथित अवैध संबंध, शादी का दबाव और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश के विवाद में मुस्तफा की हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार, कपड़े और मृतक का सिर बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
गोपालगंज में सिर कटी लाश का खुलासा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सिरसिया बाजार निवासी मुस्तफा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे एक महिला से कथित अवैध संबंध, उससे जबरन शादी करने की इच्छा तथा दबंगई का विवाद प्रमुख कारण रहा। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हत्या के समय पहने गए कपड़े, वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा हत्या के बाद काटकर फेंके गए मृतक के सिर के अवशेष भी बरामद कर लिए गए हैं।
विज्ञापन


तकनीकी जांच से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
पुलिस का कहना है कि तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपितों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के खेम मटिहिनिया गांव निवासी शंभू यादव तथा काला मटिहिनिया गांव निवासी लालबाबू यादव के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पत्नी से आखिरी बातचीत के बाद हुआ था लापता
पुलिस के अनुसार, सिरसिया बाजार निवासी मुस्तफा गांव में अकेले रहता था, जबकि उसके दोनों बेटे सिवान में अलग-अलग रहते हैं। उसकी पत्नी हाजरा खातून भी पति के कथित गलत व्यवहार के कारण सिवान में अपनी बहू के साथ रह रही थीं। 11 जून की शाम करीब सात बजे मुस्तफा की पत्नी से उसकी फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने यह कहते हुए फोन काट दिया कि उसे किसी के साथ जाना है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।
विज्ञापन


अनहोनी की आशंका पर 13 जून की सुबह हाजरा खातून गांव पहुंचीं और रिश्तेदारों के साथ उसकी तलाश शुरू की। उसी शाम विजयपुर दिगर गांव के समीप खेत के किनारे एक लावारिस बाइक, चप्पल और अन्य सामान मिलने की सूचना पर विशंभरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान गन्ने के खेत से सिर कटा शव बरामद हुआ।

अंगूठी और घड़ी से हुई शव की पहचान
घटनास्थल पर मिली बाइक के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। सदर अस्पताल में मृतक के हाथ की अंगूठी, कलाई घड़ी और कपड़ों से शव की पहचान मुस्तफा के रूप में हुई। इसके बाद हाजरा खातून के बयान पर विशंभरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

कॉल डिटेल और टावर लोकेशन से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-वन चंदन कुमार तथा विशंभरपुर थानाध्यक्ष मुकेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल, टावर लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

शादी का दबाव और सुपारी की साजिश आई सामने
जांच में सामने आया कि मुस्तफा का एक युवती से संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसी बीच युवती की शादी कहीं और तय हो गई। आरोप है कि इसके बाद मुस्तफा ने युवती के पिता पर शादी के लिए दबाव बनाया। जब उन्होंने इंकार किया तो उसने कथित तौर पर युवती के पिता और उसके होने वाले पति की हत्या कराने के लिए दो लाख रुपये की सुपारी देने का सौदा किया, जिसमें एक लाख रुपये अग्रिम और एक लाख रुपये घटना के बाद देने की बात तय हुई थी।

पहले हत्या, फिर पहचान मिटाने के लिए काट दिया सिर
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मुस्तफा द्वारा यह कहे जाने पर कि युवती अंततः उसके ही घर आएगी, आरोपितों और उनके सहयोगियों ने उसे ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। योजना के तहत उसे बहाने से अपने साथ ले जाकर धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया तथा पहचान छिपाने के लिए सिर को अलग कर करीब 400 मीटर दूर फेंक दिया गया।

यह भी पढ़ें: पहले हाईटेक निबंधन कार्यालय में नई व्यवस्था शुरू, रजिस्ट्री सिस्टम में बड़ा बदलाव; नए सर्किल रेट लागू
विज्ञापन


मृतक का सिर बरामद, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का सिर भी बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें