फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सारण में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे पप्पू यादव, केंद्र से 5 हजार करोड़ के विशेष पैकेज की मांग

Sun, 04 Oct 2026 06:27 PM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण

सार

सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और केंद्र से 5 हजार करोड़ रुपये के पैकेज की मांग की। उन्होंने फसल, मकान और पशुधन नुकसान के मुआवजे तथा बांध निर्माण की जांच की मांग की।
विज्ञापन
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सारण में बाढ़ से मची तबाही के बीच पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रविवार को जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और प्रभावित लोगों के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज देने की मांग की।

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ ने केवल छपरा या सारण को ही नहीं, बल्कि बिहार के बड़े हिस्से को प्रभावित किया है। ऐसे में राहत और पुनर्वास के लिए केंद्र से बड़े स्तर पर सहायता की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से किसानों की गन्ना, मक्का और धान सहित विभिन्न फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। एक तरफ फसल का नुकसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर कृषि ऋण चुकाने का दबाव है। उन्होंने किसानों का ऋण माफ करने और फसल क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की।

सांसद ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों और पशुधन के लिए भी विशेष मुआवजे की मांग की। उन्होंने कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने पर दो लाख रुपये और पक्के मकान के लिए 10 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की। बाढ़ में मारे गए या प्रभावित पशुओं के लिए भी मुआवजा देने की मांग उठाई।

विज्ञापन


पढ़ें: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?

बांध निर्माण और फ्लड फाइटिंग पर सवाल
पप्पू यादव ने बिहार में बांधों के निर्माण और बाढ़ से पहले कराए गए फ्लड फाइटिंग कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने सिंचाई मंत्री के उस बयान पर भी सवाल खड़ा किया, जिसमें बांध टूटने और बाढ़ के कारणों के संदर्भ में नासा के आंकड़ों का हवाला दिया गया था।

उन्होंने कहा कि नासा के लोग यहां बांध बनाने नहीं आए थे। बांधों का निर्माण स्थानीय स्तर पर संबंधित विभाग, अधिकारियों और एजेंसियों की निगरानी में हुआ है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर फ्लड फाइटिंग के नाम पर मानकों की अनदेखी की गई और बालू की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया। पप्पू यादव ने इस पूरे मामले में वित्तीय अनियमितता की आशंका जताते हुए बांध निर्माण और फ्लड फाइटिंग से जुड़े कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

विज्ञापन


ठेकेदारों और एजेंसियों की भूमिका की जांच की मांग
सांसद ने बांध निर्माण और फ्लड फाइटिंग से जुड़े ठेकेदारों, अधिकारियों और एजेंसियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। उन्होंने श्रीराम और एसपी सिंघला जैसी एजेंसियों को बार-बार टेंडर मिलने की प्रक्रिया की भी जांच की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे। उनका कहना था कि बाढ़ से हुई तबाही के लिए केवल प्राकृतिक कारणों को जिम्मेदार ठहराकर जवाबदेही से बचा नहीं जा सकता।

विज्ञापन


संसद में उठाएंगे छपरा की बाढ़ का मुद्दा
पप्पू यादव ने कहा कि छपरा की स्थिति गंभीर है और बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह संसद में बिहार और विशेष रूप से सारण की बाढ़ का मुद्दा मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराकर बाढ़ से हुई क्षति और बांधों की स्थिति की समीक्षा कराने की मांग की। सांसद ने कहा कि सरकार में बैठे लोग हों या अधिकारी, यदि कहीं लापरवाही या भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई तबाही के बाद जिम्मेदारी तय करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति में लोगों को इस तरह की तबाही का सामना न करना पड़े।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें