सारण जिले के नगरा प्रखंड स्थित खैरा थाना क्षेत्र के खैरा बाजार से एक विवाहिता के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पत्नी के अपहरण की आशंका जताते हुए खैरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के राजा पाकड़ थाना क्षेत्र के रामपुर दिलावर गांव निवासी राम बसेर महतो के पुत्र पिंटू कुमार अपनी पत्नी प्रीति कुमारी के साथ किसी काम से खैरा बाजार आए थे। पति के मुताबिक, बाजार में घूमने के दौरान वह पास की एक दुकान पर पानी पीने चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसकी पत्नी वहां नहीं मिली। आसपास काफी तलाश और परिचितों से पूछताछ के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पढ़ें: अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, नाराज होकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से क्या कहा?
पीड़ित पति ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी की खैरा बाजार के एक युवक से लंबे समय से मोबाइल पर बातचीत होती थी। उसे आशंका है कि उक्त युवक शादी की नीयत से उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने पुलिस से पत्नी की जल्द बरामदगी और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
खैरा थाना प्रभारी अखिलेश पासवान ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 235/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। महिला की मोबाइल कॉल डिटेल, संभावित ठिकानों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जाता है कि पीड़ित की ससुराल सारण जिले के नगरा प्रखंड के सैदपुर गांव में है।