सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में जमीनी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। सगे पाटीदारों के बीच हुए विवाद में तलवार से किए गए हमले में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद में फैसला पक्ष में आने की आशंका से विपक्षी पक्ष ने पूरे परिवार को खत्म करने की नीयत से हमला किया।
घात लगाकर बेटे पर किया हमला
घटना सोमवार देर शाम की है। मृतका की पहचान जलालपुर निवासी तारा देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तारा देवी का छोटा बेटा अरविंद कुमार सिंह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे सगे पाटीदारों ने अचानक उस पर तलवार से हमला बोल दिया।
बचाने पहुंची मां और बहुओं पर भी बरसे वार
बेटे की चीख सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं मां तारा देवी और परिवार की दो बहुएं रीपू देवी व आशा देवी पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तारा देवी के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। दोनों बहुओं के हाथ और पीठ पर तलवार के गहरे जख्म हैं। अरविंद कुमार सिंह को भी गंभीर चोट लगी है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सीवान के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तारा देवी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से चल रहा था तनाव
परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में लंबित है और जल्द ही तारा देवी के पक्ष में फैसला आने की संभावना थी। इसी खुन्नस में विपक्षी पक्ष ने साजिश के तहत पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें:
धूप में इंतजार करती रहीं मंत्री, नहीं खुला स्विमिंग पूल भवन का ताला, निरीक्षण के दौरान भड़कीं मंत्री
गांव में तनाव, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के बेटे अरविंद कुमार सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।