फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; एक साल पहले हुई थी शादी

Tue, 10 Nov 2026 12:33 PM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

बिहार के गोपालगंज जिले में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हादसा मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान सिधवलिया गांव निवासी अक्षय कुमार (26) और उनकी पत्नी पुष्पा देवी (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन
पति पत्नी की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के गोपालगंज में एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक से घर लौट रहे नवविवाहित दंपती को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शादी के महज एक साल के भीतर दोनों की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
विज्ञापन


बथान से घर लौटते समय हुआ हादसा
घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सिधवलिया गांव निवासी 26 वर्षीय अक्षय कुमार और उनकी 22 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक से बथान से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
टक्कर इतनी तेज थी कि अक्षय और पुष्पा सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


शादी के एक साल के भीतर उजड़ा परिवार
दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल पहुंचे परिवार के लोग शवों से लिपटकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों के अनुसार, अक्षय और पुष्पा की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी। शादी की पहली सालगिरह से पहले ही सड़क हादसे में दोनों की जान चली गई। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है।

अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और टक्कर मारकर फरार हुए वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें