गोपालगंज जिले में लंबे समय से सक्रिय भू-माफियाओं और संगठित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के सख्त निर्देश के बाद अवैध कब्जा, रंगदारी और जमीन विवादों में शामिल अपराधियों पर व्यापक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस अभियान से जिले में वर्षों से जमे आपराधिक नेटवर्क पर सीधा असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
60 बड़े भू-माफियाओं की लिस्ट तैयार
पुलिस ने जिले के करीब 60 कुख्यात भू-माफियाओं की एक विशेष ब्लैकलिस्ट तैयार की है। इस सूची को जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंपा जाएगा, ताकि अपराधियों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की जांच कर उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत जब्त किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों की आर्थिक ताकत कमजोर होगी।
आर्थिक नेटवर्क पर सीधा वार की तैयारी
एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट किया है कि अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराधियों के आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। जांच में सामने आया है कि कई अपराधियों ने हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जे के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति खड़ी की है। अब ऐसी संपत्तियों को चिन्हित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्क करने की तैयारी चल रही है।
निशाने पर संगठित गैंग
पुलिस की सूची में जिले के कई प्रभावशाली और कुख्यात नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ संगठित गिरोह लंबे समय से जमीन कब्जाने और लोगों को डराकर रंगदारी वसूलने के आरोपों में चिन्हित किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन गिरोहों पर सख्त कार्रवाई से जिले में अपराध के संगठित नेटवर्क पर बड़ा प्रहार होगा और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
ये भी पढ़ें-
दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे राज्यपाल, सीनेट बैठक में शिक्षा व्यवस्था सुधार का दिया संदेश
बेनामी संपत्तियों की गहन जांच शुरू
प्रशासन अब इन आरोपियों और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों का विस्तृत सत्यापन कर रहा है। खासतौर पर यह जांच की जा रही है कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी संपत्ति में अचानक हुई वृद्धि का स्रोत क्या है। अवैध आय से खरीदी गई जमीन, मकान, व्यवसाय और वाहन को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़े अभियान की खबर फैलते ही जिले के भू-माफियाओं और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। कई आरोपी भूमिगत होने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।