गोपालगंज जिले के नगर थाना की पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक के नाम पर अपराधियों को कारतूस बेचने का कारोबार करने वाले लोगों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया है। इस पूरे रैकेट में शामिल दो लोगों को गुरुवार की शाम गिरफ्तार किया है। इसके पहले भी ऐसे मामलों में नगर थाना की पुलिस ने गिरफ्तारी की है।
गुरुवार को जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, उनके संदर्भ में नगर थाना की पुलिस ने बताया कि
गुप्त सूचना के आधार पर तुरकाहां पुल से 100 मीटर आगे से एक देशी कट्टा एवं 12 जिंदा कारतूस के साथ जिले के थावे थाना क्षेत्र के फुलुगनी टोला लोहारपट्टी गांव निवासी ललन शर्मा के पुत्र बिक्की शर्मा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही पर एक लाइसेंसी राइफल, 10 जिंदा कारतूस, 47 खोखा और एक लाइसेंस के साथ नगर थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव निवासी मायाशंकर सिंह के पुत्र गुड्डू सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डु कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि हम शिवा गन हाउस से अपने लाइसेंसी राइफल के नाम पर कारतूस खरीदकर बेचते थे। अब नगर थाना की पुलिस इस रैकेट में शामिल और भी लोगों को पकड़ने के लिए अनुसंधान कर रही है।