गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड के रूपछाप गांव निवासी शिक्षिका पुत्र गौरव कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित परीक्षा परिणाम में गौरव कुमार ने 377वीं रैंक प्राप्त की है। परिणाम घोषित होते ही उनके परिवार, गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके घर पहुंचकर बधाई देने लगे।
पिता हैं व्यवसायी माता हैं शिक्षिका
गौरव कुमार के पिता शिवजी कुशवाहा सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता मंजू कुशवाहा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। गौरव की इस उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।
सिवान और पटना से की स्कूलिंग
गौरव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त करने के बाद 10वीं की पढ़ाई सिवान से और 12वीं की पढ़ाई पटना से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से अर्थशास्त्र विषय में स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी और निरंतर मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की।
ये भी पढ़ें:
बिहार में UPSC रिजल्ट पर बवाल, 301वीं रैंक को लेकर दो आकांक्षा सिंह आमने-सामने, सच क्या है तय करेगा आयोग
माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता का श्रेय गौरव ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से ही यह मुकाम हासिल किया जा सकता है। परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।