गंभीर हालत में एक महिला पीएमसीएच रेफर
- फोटो : अमर उजाला
छपरा में मकर संक्रांति के मौके पर बेटी के ससुराल भेजने के लिए मीठा का पाग बनाने के दौरान गैस का रिसाव होने से आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह से अधिक लोग बुरी तरह से झुलस गए। इसके बाद आनन-फानन में परिवार के लोग नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। हालांकि यहां के चिकित्सक द्वारा इलाज किया गया। लेकिन एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। यह घटना नगरा प्रखंड के अफौर गांव की बताई जा रही है।
घटना को लेकर घायलों के परिजन मिथलेश राय ने बताया कि लड़की की विदाई में खिचड़ी पर्व को लेकर लाई और तिलकुट बनाया जा रहा था। ठंडी का मौसम होने के कारण परिवार के सभी लोग एक ही जगह पर बैठे हुए थे। तभी अचानक गैस लीक हो गई, जिस कारण बगल में बैठे कई लोग झुलस गए। उनमें से एक महिला की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रखंड क्षेत्र के अफौर गांव में गुरुवार की अहले सुबह गैस सिलेंडर लीक होने से परिवार के सभी सदस्य बुरी तरह झुलस कर जख्मी हो गए। हालांकि घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. द्वेषचंद्र ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायलों में विश्वरंजन राय की 36 वर्षीय पत्नी पूजा देवी, 10 वर्षीय बेटी साक्षी कुमारी, सुभाष राय की 35 वर्षीय पत्नी सीमा देवी, राजेश राय की पत्नी अमरावती देवी, संतोष राय की 13 वर्षीय बेटी नीतू कुमारी सहित कई अन्य शामिल हैं। सदर अस्पताल में सभी जख्मी महिला और पुरुषों का इलाज चल रहा है। इनमें से सीमा देवी का शरीर 80% से ज्यादा जले होने के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। जबकि अन्य का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है।