बिहार के गोपालगंज शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिछले तीन दिनों से लापता नगर परिषद के सफाईकर्मी का शव एक खुले नाले से बरामद किया गया। घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनरेश नगर मोहल्ले की है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बदबू आने पर हुआ खुलासा
मृतक की पहचान 35 वर्षीय चुन्नी राम के रूप में हुई है, जो गोपालगंज नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार, चुन्नी राम पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह रामनरेश नगर मोहल्ले में घर के पास स्थित खुले नाले से तेज बदबू आने लगी। स्थानीय लोगों ने जब नाले में झांककर देखा तो उसमें एक शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया शव
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
हादसा या कुछ और?
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि जिस नाले से शव मिला, वह पूरी तरह खुला है और उस पर स्लैब नहीं लगा है। परिजनों का अनुमान है कि संभवतः चुन्नी राम का पैर फिसल गया होगा या वह असंतुलित होकर नाले में गिर गए होंगे, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें:
जलापूर्ति परियोजना को मिली मंजूरी, खत्म होगी पानी के लिए जंग! क्या बदलेगी समस्तीपुर की तस्वीर?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।