फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: 'अम्मी...बचा लो' की चीखों वाला वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग तेज

Wed, 29 Jul 2026 11:00 AM IST
सारण ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छपरा

सार

छपरा में नीट परीक्षा विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई के बीच एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट होती दिख रही है। वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

 

विज्ञापन
वीडियो में एक युवक को पुलिस वाहन के बोनट पर दबोचे हुए दिखाया - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रमंडलीय मुख्यालय सारण के छपरा शहर में 25 जुलाई को नीट परीक्षा के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। पुलिस ने 186 नामजद समेत लगभग 2500 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। वहीं, 196 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनमें से 56 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वायरल वीडियो कथित तौर पर छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र के नारायण चौक के समीप स्थित एक मोहल्ले का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक को पुलिस वाहन के बोनट पर दबोचे हुए दिखाया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति उस पर लगातार लाठियां बरसाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि किसी ने छत से चोरी-छिपे इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में युवक दर्द से कराहते हुए बार-बार 'अम्मी... हमको बचा लो" कहते हुए सुनाई देता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है, जिस पर लोग भावनात्मक प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया तथा उसमें दिखाई दे रहे लोग पुलिसकर्मी हैं या नहीं। इसके बावजूद वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं और विभिन्न वर्गों की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। वीडियो में कथित तौर पर दो व्यक्ति एक युवक के दोनों हाथ पकड़कर उसे बोलेरो वाहन के बोनट पर दबाए हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति उस पर लाठी बरसाता नजर आता है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  बिहार के सरपंच की यूपी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस
विज्ञापन


निष्पक्ष जांच की मांग हुई तेज
घटना के बाद विशेष समुदाय के लोगों में भी चर्चा और नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो वास्तविक है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान हुई सभी घटनाओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छपरा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई को लेकर जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें