जिसके ऊपर शराबबंदी का भार दिया गया हो, अगर वही शराब पार्टी करते गिरफ्तार हो जाए तो समझ लीजिए कि शत-प्रतिशत सफल बनाने में इन लोगों की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। कुछ इसी तरह का मामला बिहार के छपरा से आ रहा है, जहां उत्पाद विभाग के अधिकारियों द्वारा मद्य निषेध थाने में शराब पार्टी किया जा रहा था।
हालांकि, इसकी सूचना किसी ने सारण पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष को दे दिया। फिर क्या था पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मढ़ौरा अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी नरेश पासवान के नेतृत्व में टीम गठित कर देर रात्रि को छापेमारी करवा दिए। शराब पार्टी में शामिल उत्पाद विभाग के सभी पुलिस अधिकारियों को शराब अधिनियम उल्लंघन मामले को लेकर हिरासत में ले लिया गया है। किसी भी तरह से बिहार में शराब पीना या बिक्री पर पूर्ण रूप से बंदी किया गया है, जिसके लिए उत्पाद विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतलब उत्पाद करने वालों पर नकेल कसने के लिए उत्पाद विभाग को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों सहित सीमावर्ती या कुछ चयनित स्थलों पर कार्यालय बनाया गया है।
इसी को लेकर सारण और सीवान जिले की सीमावर्ती इलाके सारण जिलांतर्गत मशरख थाना क्षेत्र के चंदेश्वर मोड के समीप उत्पाद विभाग की मद्य निषेध थाना बनाया गया है। जहां जन्मदिन की पार्टी में शराब पार्टी चल रही थी। लेकिन किसी ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों तक इसकी सूचना दे दी। उसके बाद सारण पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश में मशरक में स्थापित मद्य निषेध थाने पर देर रात्रि को मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान, मशरख के अंचल पुलिस निरीक्षक और स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष के द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए उत्पाद विभाग अधिनियम का उल्लंघन के मामले में मद्य निषेध थाने के पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार और सिपाही संतोष कुमार को हिरासत में लिया गया। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष द्वारा नहीं की गई है। लेकिन जांच और पूछताछ शुरू कर दी गई है।
मशरक उत्पाद थाना में नर्तकियों के साथ शराब पार्टी मना रहे उत्पाद थाना के तीन पदाधिकारी सहित कर्मी गिरफ्तार : पुलिस अधीक्षक
इस संबंध में सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि मशरक थाना को गुप्त सूचना मिली कि उत्पाद थाना मसरख के कर्मियों द्वारा शराब पीकर उत्पाद थाना पर नाच-गान का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कारवाई करते हुए मशरक उत्पाद थाना में छापामारी की गई और छापामारी के दौरान कर्मियों के पास से एवं उनके कमरे से कुल पांच लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन पुलिस पदाधिकारी यथा पुलिस निरीक्षक सह मद्यनिषेध थाने के थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार, सिपाही संतोष कुमार को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार और सिपाही संतोष कुमार के शराब पीने की वैज्ञानिक पुष्टि की गई। इस संबंध में छह उत्पाद थाना कर्मियों के विरुद्ध मशरक थाना कांड संख्या- 21/2025 दर्ज किया गया है।