राजद के गोपालगंज जिलाध्यक्ष और प्रधान महासचिव पद के चयन को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। इन पदों पर अंतिम निर्णय अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा लिया जाएगा। बुधवार को गोपालगंज शहर के आरपी ग्रैंड होटल में जिला परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाची पदाधिकारी एवं पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद और सहायक निर्वाची पदाधिकारी देव कुमार चौरसिया ने की। बैठक की शुरुआत में उपस्थित सदस्यों को निर्वाचन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल छह प्रत्याशियों दिलीप कुमार सिंह, इम्तेयाज अली भुट्टो, पिंटू पांडेय, संतोष यादव, गम्हा यादव और रंजीत यादव ने नामांकन दाखिल किया। जांच में सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए।
नामांकन प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद के चयन को लेकर सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष को जिलाध्यक्ष और प्रधान महासचिव के मनोनयन के लिए अधिकृत किया गया। यह प्रस्ताव बैठक में उपस्थित सभी जिला परिषद सदस्यों की सहमति से पारित हुआ।
पढ़ें: किशनगंज में बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक समेत दर्जनों नेता हिरासत में लिए गए; जानें
बैठक में जिले से राज्य परिषद के सदस्यों का चयन भी किया गया। हर विधानसभा क्षेत्र से एक प्रतिनिधि को राज्य परिषद के लिए निर्वाचित किया गया। इनमें बैकुंठपुर से पिंटू पांडेय, बरौली से सुनील कुमार बारी, गोपालगंज से इम्तेयाज अली भुट्टो, कुचायकोट से सुनीता कुशवाहा, भोरे से सुरेंद्र राम महान और हथुआ से संतोष यादव का नाम शामिल है। इसके अलावा विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, विधायक प्रेमशंकर यादव, पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू, पूर्व विधायक किरण राय और जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह को राज्य परिषद का पदेन सदस्य घोषित किया गया।