गोपालगंज जिले में जादोपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर पुल के पास गंडक नदी के किनारे मिली अज्ञात युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दावा किया है कि यह हत्या ऑनर किलिंग का मामला है, जिसमें युवती की हत्या पिता और भाई ने मिलकर की है। हत्या की वजह युवती का एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग बताया गया है।
सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के यादोपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर पुल के पास गंडक नदी में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला कि युवती की हत्या कहीं और की गई और फिर शव को गंडक नदी में फेंक दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका पश्चिम चंपारण के बगहा की रहने वाली थी। युवती का एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग था, जिससे उसका परिवार नाराज था। परिवार ने युवती को बेतिया में उसके मामा के घर भेज दिया, लेकिन वहां भी वह अपने प्रेमी के संपर्क में थी। युवती के पिता हरिश्चंद्र यादव ने उसे मामा के घर से बुलाया। इसके बाद अपने बेटे विक्की यादव के साथ मिलकर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बेतिया से गोपालगंज लाया गया और मंगलपुर पुल के पास गंडक नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने मृतका के पिता हरिश्चंद्र यादव और भाई विक्की यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।