मौके पर पहुंचे पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीवान में मंदिर के दान के पैसे में बंटवारे को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। जहां एक पुजारी की मौत हो गई। यह मामला मैरवा थाना क्षेत्र का है।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मैरवा थाना क्षेत्र के हरिराम ब्राह्म मंदिर में शनिवार को पुजारियों के बीच चढ़ावे में मिले पैसे को लेकर बंटवारा चल रहा था। इस दौरान खूनी संघर्ष शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में एक पुजारी दूसरे पुजारी को मारने-पीटने लगा। इस घटना में एक पुजारी पक्ष ने दूसरे पुजारी पक्ष के सुग्रीव पांडे को मारपीट कर अधमरा कर दिया। आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद किसी तरह से मामला शांत हुआ। फिर घायल सुग्रीव पांडे को मैरवा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।
इसके बाद घायल सुग्रीव पांडे को गोरखपुर ले जाने के दौरान ही रास्ते में मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजन मृतक पुजारी के शव को मंदिर परिसर में रखकर जमकर हंगामा करने लगे। मृतक की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के हरनाथपुर गांव निवासी सुग्रीव पांडे के रूप में हुई है जो उस मंदिर के पुजारी थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत करवाया।
मैरवा में शनिवार को ब्रह्म बाबा के मंदिर में ब्रह्म बाबा का जन्म उत्सव कार्यक्रम था। इसे लेकर मृतक पुजारी के बेटे जगदीश पांडे ने बताया कि उस दिन चढ़ावे के पैसे में चोरी हुई थी। इसके बाद मेरे पापा ने चोरी करने वाले का नाम बताया था। इसके बाद कुछ पुजारियों ने उन पर हमला कर दिया और इतना मारा कि अस्पताल ले जाने के दरम्यान उनकी मौत हो गई।
मैरवा थाना प्रभारी प्रमोद शाह ने बताया कि फिलहाल मृतक पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया गया है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।