सिवान जिले के असाव थाना क्षेत्र के पिहुली गांव में शनिवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव स्थित एक बगीचे में गोली चलने की सूचना पर असाव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान पिहुली गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह की हत्या गोली मारकर की गई है। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल को घेर कर FSL की टीम को सूचित कर दिया है। टीम के पहुंचने पर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे, जो जांच को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।
असाव थाना पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संभावित संदिग्धों की तलाश में छानबीन तेज कर दी गई है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
पढ़ें: यूपीएससी छात्र का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
इस हत्या को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मेंद्र सिंह का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था, जिससे हत्या की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि किसी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके।
सिवान पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।