कौमी एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक मौलाना मजहरूल हक साहब की 159वीं जयंती रविवार को उनके कर्मस्थली बिहार के छपरा में राजकीय सम्मान समारोह के तहत गरिमामयी ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर मजहरुल हक चौक एवं एकता भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राजकीय जयंती समारोह में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ. प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव, बिहार मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज़, जनता दल (यू) के जिलाध्यक्ष बैजनाथ सिंह विकल सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मौलाना मजहरूल हक के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
पढे़ं; मुजफ्फरपुर में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने सुनीं जमीन से जुड़ी समस्याएं, ऑन-द-स्पॉट समाधान के निर्देश
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि मौलाना मजहरूल हक हिन्दू–मुस्लिम एकता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने जीवनभर सामाजिक समरसता, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। आज के दौर में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, जब समाज को आपसी भाईचारे और सौहार्द की सबसे अधिक आवश्यकता है।
वहीं शहर के मज़हरुल हक एकता भवन स्थित प्रतिमा पर भी अलग से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. विभा भारती सहित अन्य अनुमंडलीय अधिकारी एवं कर्मियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मौलाना मजहरूल हक के पदचिन्हों पर चलने, उनके बताए मार्ग पर समाज को आगे बढ़ाने तथा कौमी एकता को और मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह शांतिपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।