सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के तिलकार गांव में शुक्रवार की देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मुन्ना मियां सहित छह अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में मुन्ना मियां और उसके एक साथी को गोली लगी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मुन्ना मियां अपने गैंग के साथ तिलकार गांव में छिपकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ राजकुमार और एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुन्ना मियां और भरहोपुर निवासी रंजीत सिंह के पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी। दोनों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर किया गया।
पढे़ं: मुंगेर में अज्ञात वाहन ने मजदूर को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत; NH 80 पर लगा जाम
एसएसपी के अनुसार, मुन्ना मियां के खिलाफ लूट, गोलीकांड समेत करीब डेढ़ दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि रंजीत सिंह पर भी तीन आपराधिक मामले चल रहे हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अपराधी मौके से फरार हो गए। मौके से हथियार और गोलियां बरामद की गईं। एसएसपी डॉ. आशीष ने कहा कि सभी गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द सजा दिलाई जाएगी।