सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के भीठी गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान भीठी गांव निवासी प्रभु प्रसाद की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोनी देवी अपने घर पर केवल एक बहू के साथ रहती थी। उसने अपनी जमीन एक व्यक्ति को बेच दी थी, जिसके बाद खरीदार जब जमीन पर पहुंचा तो पाटीदारों के साथ उसका विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सोनी देवी ने जब आरोपी पाटीदारों का विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया गया। आरोपियों ने मारपीट की और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पक्ष अपना घर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोरेयाकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में महिलाओं से चेन छिनतई करने वाला शातिर गिरफ्तार, आभूषण कारोबारी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने बताया कि सोनी देवी और आरोपी पाटीदारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस घटना ने गांव में तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।