बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन और राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा ने सोमवार को गोपालगंज में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विवादित बयान देते हुए दावा किया कि भारत में 99.9 प्रतिशत मुस्लिम समुदाय के लोग धर्मांतरित हैं और उनकी पिछली पीढ़ियां हिंदू थीं। उन्होंने मुस्लिम समाज के सामाजिक ढांचे पर बात करते हुए कहा कि अंसारी, जुलाहा और पसमांदा समुदाय सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग में आते हैं। मिश्रा ने जाति आधारित जनगणना का समर्थन करते हुए कहा कि इससे मुस्लिम समुदाय की सामाजिक स्थिति और सरकारी नौकरियों में उनकी भागीदारी स्पष्ट होगी।
गोपालगंज में वकालतखाना का निरीक्षण करते हुए सांसद मिश्रा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम मामले और पाकिस्तान को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक कदम उठा रही है, जैसे पानी रोकना आदि, जिनका असर आगामी 3-4 महीनों में दिखेगा। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। वहीं, विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अभी तक अपना प्रधानमंत्री पद का चेहरा तय नहीं कर सका है।