सीवान शहर के मौली मोहल्ले में सोमवार को नाले के पास बड़ी संख्या में वोट की पर्चियां फेंकी हुई मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि इन पर्चियों पर महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नाम लिखे हुए थे। जैसे ही लोगों की नजर इन पर्चियों पर पड़ी, कुछ ही देर में सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थिति को देखकर स्थानीय प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्चियां मिलने के बाद भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और जिला पदाधिकारी से तत्काल जवाब की मांग की। लोगों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं “वोट चोरी” की ओर इशारा करती हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। फिलहाल पर्चियों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोग इस घटना को गंभीरता से ले रहे हैं और कुछ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी मामले की जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पर्चियां सुरक्षित कर ली गई हैं और मामले की तफ्तीश जारी है।