सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हुसैनगंज बाजार के समीप तेज रफ्तार में जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में हसनपुरा थाना क्षेत्र के धनौती हाता निवासी संजय पांडे, उनकी पत्नी मुनी देवी, मुबारकपुर निवासी रवि कुमार और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
घायल मुनी देवी ने बताया कि वे लोग आंदर से ऑटो में सवार होकर सीवान जा रहे थे। हुसैनगंज बाजार के पास ऑटो चालक ने शराब के नशे में तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो पलट गया। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई और सभी सवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पढ़ें: 'डबल इंजन सरकार का एक इंजन अपराध में, दूसरा भ्रष्टाचार में लिप्त'; तेजस्वी यादव ने कसा तंज
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
उन्होंने चालक की लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने को हादसे का मुख्य कारण बताया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।