गोपालगंज जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र स्थित जनता बाजार रेलवे ढाला के समीप एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सवनहीं पट्टी टोला धूमनगर गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी नगीना माली के 35 वर्षीय पुत्र अवधेश सिंह के रूप में हुई है। वह पूर्व सरपंच हीरालाल माली का भतीजा भी था।
मंगलवार को इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन मानसिक तनाव में आकर यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर श्रीपुर थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, पुलिस पदाधिकारी सुधांशु शेखर ओझा के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को पंखे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि अवधेश सिंह एक मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का व्यक्ति था। वह जनता बाजार में अपनी एक कंप्यूटर दुकान चलाता था और परिवार का भरण-पोषण करता था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, ऐसे में उसका यह खौफनाक कदम सभी को स्तब्ध कर गया है।
पढ़ें: गवाही देने से मना किया तो मार दी गोली, इस्माइलपुर में युवक को गोली मारने की घटना से सनसनी
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी, एक पुत्री रोशनी कुमारी और छोटा बेटा आरुष कुमार शामिल हैं। घटना के समय उसकी पत्नी बथुआ बाजार स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। जब वे छुट्टी के बाद पुत्री के साथ घर पहुंचीं तो सबसे पहले बेटी ने ही अपने पिता को फंदे से लटका देखा और मां को जानकारी दी।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का कहना है कि अवधेश सिंह की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, न ही किसी आर्थिक या घरेलू परेशानी का ज़िक्र पहले कभी हुआ था। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक रहस्य बनी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन अभी भी सदमे में हैं।