शव मिलने के बाद घाट पर रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : Amar Ujala
सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र स्थित सारंगपुर डाकबंगला घाट पर गंडक नदी में डूबे युवक का शव घटना के लगभग 48 घंटे बाद बरामद होने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान उभवा सारंगपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश साह के 21 वर्षीय पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। शव नदी से बाहर आते ही घाट पर मौजूद परिजनों का विलाप सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं।
तेज बहाव में बह गया युवक
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले राजकुमार शौच के लिए गंडक नदी के किनारे गया था। इसी दौरान वह नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार अहले सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों और निजी नाविकों की मदद से नदी में खोज अभियान शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव घटना स्थल से करीब छह किलोमीटर दूर, मुजफ्फरपुर जिले के फतेहाबाद घाट के सामने गंडक नदी से बरामद किया गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे
शव के सारंगपुर घाट पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। गांव में मातम पसर गया और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया। सूचना मिलने के बाद पानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। शव बरामदगी के दौरान जिला परिषद सदस्य रत्नेश कुमार भास्कर, पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह, सरपंच प्रतिनिधि केश्वर राय सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-
प्रदर्शन में बांस का डंडा लेकर दौड़ीं डिप्टी मेयर नाजिया हसन, दर्ज हुई FIR; 33 प्रदर्शनकारी पहुंचे जेल
गौरतलब है कि युवक का शव एसडीआरएफ की टीम द्वारा नहीं, बल्कि स्थानीय निजी नाविकों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से नदी से बाहर निकाला गया।