सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटसा पंचायत के जाफरपुर गांव स्थित डबरा नदी में डूबने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जाफरपुर गांव निवासी भागवत सिंह के पुत्र रामनाथ सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रामनाथ सिंह गुरुवार देर शाम शौच के लिए डबरा नदी के समीप गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन नदी में तैरता मिला शव
शुक्रवार शाम डबरा नदी में कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना भेल्दी थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। शव बाहर निकलने के बाद परिजनों को बुलाया गया, जहां उन्होंने उसकी पहचान रामनाथ सिंह के रूप में की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पति का शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगी पत्नी
रामनाथ सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पति का शव देखते ही पत्नी रेणु देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं मां पार्वती देवी और पिता भागवत सिंह पुत्र की मौत के गम में बेसुध पड़े रहे। मृतक के पुत्र अजय कुमार और सूरज कुमार तथा पुत्री काजल कुमारी अपने पिता के शव से लिपटकर रोते रहे। परिजनों के करुण क्रंदन से मौके का माहौल गमगीन हो गया।
यह भी पढ़ें:
नौकरी का झांसा या प्रेम प्रसंग की रंजिश? एक्स गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला, ओटी मैनेजर हिरासत में
परिवार के सहारे की अचानक मौत से गांव में मातम
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि रामनाथ सिंह परिवार के लिए अहम सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है।