फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: नौकरी का झांसा या प्रेम प्रसंग की रंजिश? एक्स गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला, ओटी मैनेजर हिरासत में

Fri, 21 Aug 2026 10:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी

सार

गयाजी में दिनदहाड़े महिला पर चाकू से हमला हुआ। घायल महिला ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओटी मैनेजर वीरेंद्र कुमार पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
गयाजी शहर के चंदौती में चाकू हमले में घायल महिला का मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गयाजी शहर के चंदौती थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला पर हुए चाकू के हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल महिला ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान अस्पताल के ही ओटी मैनेजर वीरेंद्र कुमार पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के आरोप के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

बिजली ऑफिस बुलाकर साजिश रचने का आरोप

विज्ञापन

घायल महिला का आरोप है कि वीरेंद्र कुमार ने उसे बिजली कार्यालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर वह शुक्रवार को चंदौती थाना क्षेत्र स्थित बिजली ऑफिस पहुंची थी। महिला का कहना है कि वहां उसे किसी व्यक्ति से मिलने के लिए कहा गया था, लेकिन जब वह व्यक्ति नहीं मिला तो वह वापस लौटने लगी। इसी दौरान पीछे से आए दो अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में महिला के बाएं कंधे और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तीन साल पुराने संबंध की चर्चा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला और वीरेंद्र दोनों शादीशुदा हैं तथा पिछले करीब तीन वर्षों से दोनों के बीच संपर्क था। महिला पहले एक निजी मॉल में काम करती थी, जहां उसकी पहचान वीरेंद्र से हुई थी। नौकरी छूटने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही।

महिला ने हमला करवाने का लगाया आरोप

विज्ञापन

घायल महिला ने पुलिस को दिए मौखिक बयान में कहा कि इस हमले के पीछे वीरेंद्र कुमार की भूमिका है। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं बताया कि हमला करने वाले दोनों लोग कौन थे। पुलिस फिलहाल महिला के आरोपों के साथ-साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

अस्पताल से ही हिरासत में लिया गया ओटी मैनेजर
घटना की सूचना मिलने के बाद मेडिकल थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और महिला का फर्द बयान लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि आरोपी अस्पताल में ही कार्यरत है और ड्यूटी पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल से ही ओटी मैनेजर वीरेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में मामले की जानकारी चंदौती थाना पुलिस को सौंप दी गई, क्योंकि घटना उसी थाना क्षेत्र की है।

दोनों की अलग-अलग पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, घायल महिला मूल रूप से नवादा की रहने वाली है और फिलहाल चंदौती थाना क्षेत्र में रहती है। वहीं, हिरासत में लिया गया वीरेंद्र कुमार भागलपुर का निवासी है। उसका परिवार वर्ष 2006 से मगध कॉलोनी स्थित सात नंबर गली में रह रहा है। अस्पताल में मौजूद मीडियाकर्मियों ने जब महिला से बातचीत करने की कोशिश की तो उसने दर्द का हवाला देते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उसकी बेटी भी मीडिया से नाराज दिखी और अपनी मां को बयान देने से रोकती रही।

ये भी पढ़ें- Bihar: BPSC-BSSC, असिस्टेंट प्रोफेसर अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर लोकभवन पहुंचे पप्पू यादव, जानिए क्या सब हुआ

लिखित शिकायत नहीं, फिर भी जांच तेज
मामले में अब तक पीड़िता की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। इसके बावजूद पुलिस ने घटना को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। चंदौती थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, डीएसपी रवि प्रकाश ने कहा कि उन्हें प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट ली जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला के आरोप, मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। हमला किन लोगों ने किया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें