गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव में रविवार देर शाम एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सलेहपुर निवासी 65 वर्षीय राम रतन सिंह के रूप में हुई है, जो एक मई की रात से लापता थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि राम रतन सिंह की हत्या कर शव को फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मृतक की पत्नी उमा देवी के अनुसार, एक मई की रात राम रतन सिंह भोजन के बाद दरवाजे पर सोने चले गए थे। अगली सुबह चार बजे जब वह जागीं तो देखा कि वह बिस्तर पर नहीं थे। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद दोपहर में विशंभरपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
पढ़ें: नीट सॉल्वर गैंग में गिरफ्तार रंजीत बेगूसराय जेल में था पदस्थापित, निजी क्लीनिक का भी करता था संचालन
मृतक की बेटी निक्की ने आरोप लगाया कि गुमशुदगी की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस तत्परता दिखाती तो उनके पिता की जान बचाई जा सकती थी। शव मिलने के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पांच बच्चे हैं, जो सभी अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी उमा देवी की हालत भी लगातार बिगड़ रही है। रिश्तेदार और गांव वाले परिवार को संभालने में जुटे हैं।
इस मामले में थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि दो मई को गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की गई थी और मोबाइल की सीडीआर व लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही थी। शव की स्थिति को देखते हुए मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।