भारतीय रेल के 2025-26 के बजट में बिहार पर खूब फोकस किया गया है। आगामी चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से बिहार के लिए 10,666 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि बिहार के लिए रेलवे हेतु आवंटित धनराशि का जिक्र करते हुए बताया कि यूपीए के कार्यकाल 2004 से 2014 में बिहार में रेलवे के विकास के लिए प्रतिवर्ष औसतन 1,132 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बढ़ाकर इस वर्ष 10 हजार 66 करोड़ रूपये कर दिया गया है, जो कि पिछली सरकार की तुलना में नौ गुना ज्यादा है।
बिहार में 12 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
रेलव मंत्री के अनुसार, वर्तमान में 57 नई रेल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनकी कुल लंबाई 5,346 किलोमीटर और लागत 86,458 करोड़ रुपये है। कई नई ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें 12 वंदे भारत एक्सप्रेस बिहार के 15 जिलों में 22 प्रमुख स्टॉपेज के साथ संचालित हो रही हैं। वहीं दरभंगा से आनंद विहार टर्मिनल तक जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का भी संचालन किया जा रहा है। वहीं "कवच" प्रणाली का विस्तार किया जा रहा है। 924 किलोमीटर में कार्य प्रगति पर, जबकि कुल 1,783 किलोमीटर की योजना स्वीकृत की गई है।