बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर हुए चुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। शुरुआती रुझान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला कड़ा रहने वाला है। वहीं, महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। तेजस्वी वैशाली जिले की राघोपुर सीट से चुनावी मैदान में है। ऐसे में राज्यभर के लोगों की निगाहें इस सीट पर बनी हुई हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक हुई मतगणना के बाद तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट पर बढ़त बनाई हुई है। शुरुआती रुझानों के बाद से ही तेजस्वी ने इस सीट पर बढ़त बनाई हुई है। इस सीट पर तेजस्वी का मुकाबला भाजपा के अनुभवी नेता सतीश कुमार से है।
2015 में हुए विधानसभा चुनाव में तेजस्वी ने यहां से पहली बार चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, तेजस्वी यादव को अभी तक 20,420 वोट हासिल हुए हैं। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतीश कुमार को 13,895 वोट मिले हैं। इस तरह तेजस्वी ने राघोपुर सीट पर करीब सात हजार मतों से बढ़त बनाई हुई है।
वहीं, चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सरकार बनाती हुई दिखाई दे रही है। आयोग की वेबसाइट के अनुसार, एनडीए गठबंधन- 127 और महागठबंधन- 104 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं 70 सीटें ऐसी हैं जहां उम्मीदवारों के बीच केवल एक हजार वोटों का अंतर है।