बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बने यह राजद कार्यकर्ताओं की ही नहीं, बिहार की जनता की मांग है। राजद के विधायकों द्वारा लगातार बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग पर बृहस्पतिवार को जब पत्रकारों ने राबड़ी देवी से सवाल किया तो उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि यह जनता की मांग है।
जनता ऐसा चाहती है और लोकतंत्र में वही होता है जो जनता चाहती है। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने भी तेजस्वी को भविष्य का मुख्यमंत्री बताया है। वहीं, कांग्रेस ने इसे महज पार्टी का अंदरूनी मामला करार दिया है जबकि जदयू ने कहा कि महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार हैं।
राबड़ी के बयान के बाद राजनीतिक गलियारे में इसका मतलब निकाला जा रहा है। दरअसल पिछले दिनों जब लालू प्रसाद के सामने ही कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी को सीएम बनाने की मांग कर दी थी तो लालू ने कहा था कि तेजस्वी भविष्य के मुख्यमंत्री हैं।
विधायक सुरेंद्र यादव, रामानुज और मंत्री चंद्रशेखर की ओर से जब बात मीडिया में आई तो खुद तेजस्वी ने स्पष्ट किया था कि बिहार में सीएम पद की वेकैंसी अभी नहीं है, फिर राबड़ी का यह बयान कई संभावनाओं को जन्म दे रहा है।