बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी शायद पहली बार अपने पति लालू यादव के बिना छठ का त्यौहार मना रही हैं। छठ पूजा की शुरुआत बुधवार से 'नहाय-खाय' से शुरू हो गई।
राबड़ी अपने पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड निवास स्थान में मंगलवार को अपनी पोती के साथ गेंहू सुखाती दिखी, जिसका उपयोग पूजा में किया जाता है।
पढ़ेः डूबते सूर्य की विशेष पूजा का पर्व है छठ
राबड़ी ने कहा कि जब लालू जी होते थे वह खुद पूजा की तैयारियों को देखते थे। इस बार वह नहीं हैं, तो हम उन्हें इस पावन पर्व में बहुत ज्यादा मिस करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि न्यायपालिका में हमें पूरा भरोसा है और वह जल्दी ही हमारे बीच वापस लौट आएंगे।
लालू इस समय चारा घोटाला मामले में रांची के जेल में बंद हैं। आरजेडी में अभी पूरा कमान संभाल रही राबड़ी ने कहा कि अब मेरे दोनों लड़के, तेजस्वी और तेज प्रताप पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस पवित्र पूजा पर सभी बिहारियों को बधाई दिया और कहा कि छठी मैया श्रद्धालुओं की सभी इच्छाएं पूरी करेंगी। मैं प्रार्थना करती हूं कि राज्य में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहे।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वह श्रद्धालुओं के लिए घाट की पूरी सफाई करवाएं, जिससे उनलोगों को किसी तरीके की दिक्कत ना हो।
उन्होंने आरजेडी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह 'खड़ना प्रसाद' बनाने आएं और सभी व्रतियों के लिए पूरे इलाके की सफाई भी करें।