अररिया के भरगामा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता शिवानंद मेहता ने बताया कि उनका बेटा ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई का कार्य करता था। घटना के समय दो ट्रैक्टर एक साथ मिट्टी लाने जा रहे थे। उनका बेटा पीछे वाले ट्रैक्टर पर था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और गोली मार दी। गोली चलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: आज 32 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दरभंगा में मंदिर पर गिरी बिजली; दो जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। मृतक के पिता का आरोप है कि नामजद आरोपित पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दे चुके थे और उसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन और बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।