पूर्णिया जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले में एक बार फिर रेल हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय युवक की क्षत-विक्षत लाश बरामद हुई है। मृतक की पहचान केनगर थाना क्षेत्र के भोकराहा पिपरा विशनपुर गांव निवासी दिलीप ऋषि के पुत्र साजन ऋषि के रूप में की गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के गांव और ससुराल में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि साजन के घर की माली हालत अत्यंत दयनीय है। बूढ़ी मां और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। इसी आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए वह मजदूरी करने पंजाब जाने की तैयारी में था। उसे रात के समय पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से जन सेवा एक्सप्रेस पकड़नी थी। स्टेशन जाने से पहले वह शाम को अपने ससुराल (कोर्ट स्टेशन के पास स्थित माहौला) गया था, जहां से वह ट्रेन पकड़ने के लिए निकला, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
देर रात लगभग 2 बजे परिजनों को साजन की मौत की खबर मिली, जिससे कोहराम मच गया। मृतक के चचेरे चाचा दुलारचंद ऋषि एवं अन्य परिजनों ने इस घटना पर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह महज एक सामान्य दुर्घटना नहीं लग रही है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा साजन को जानबूझकर ट्रेन के आगे धक्का दिया गया है। या फिर ट्रेन चढ़ने की जल्दबाजी में अनियंत्रित होकर गिरने से यह हादसा हुआ। फिलहाल, परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके।
पढ़ें- Nishant Kumar: नीतीश कुमार पर अब रोहिणी आचार्य ने साधा निशाना; किस बात पर कहा- कथनी-करनी का अंतर देखें?
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रात में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन सुबह होते ही परिजनों ने साजन की पहचान की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।