फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: पूर्णिया में ट्रक की चपेट में आने से टोटो चालक की मौत, गुस्साई भीड़ ने फूंका ट्रक

Fri, 02 Oct 2026 09:53 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

पूर्णिया के गुलाबबाग में तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से टोटो चालक सत्यनारायण शर्मा उर्फ सत्तो शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी।
विज्ञापन
ट्रक को किया आग के हवाले
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्णिया के खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट से तेज रफ्तार में आ रहे सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से शुक्रवार को गुलाबबाग लकड़ी पट्टी निवासी सत्यनारायण शर्मा उर्फ सत्तो शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गुलाबबाग मुख्य मार्ग को लकड़ी पट्टी के समीप जाम कर दिया। इसी दौरान दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कई थानों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

बताया जाता है कि सत्यनारायण शर्मा अपने घर से बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट की ओर से सीमेंट लदा ट्रक तेज गति से आया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की चपेट में आने के बाद वह सड़क पर गिर गए और ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई प्रमोद शर्मा ने बताया कि उनका भाई घर से सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सत्यनारायण शर्मा टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं।

घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और गुलाबबाग मुख्य मार्ग को लकड़ी पट्टी के समीप जाम कर दिया। लोगों ने ट्रक चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल सीमेंट लदे ट्रक में आग लगा दी।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- बिहार: वैशाली में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-टेंपो की टक्कर में दो मजदूरों की मौत; पांच लोग गंभीर घायल
विज्ञापन


सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया पुलिस के आधे दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर और सदर अनुमंडल पदाधिकारी विग्नेश टीए ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दोनों अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस पदाधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच में जुटी है।

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें