जिले के केनगर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है, मामले की जांच जारी है।
घटना केनगर थाना क्षेत्र की झुन्नी कला पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित लक्ष्मीपुर डंगराहा बहियार की है। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान झुन्नी कला पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित मुसहरी टोला निवासी किशनदेव ऋषि के 32 वर्षीय पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है।
मृतक की पत्नी प्रमल देवी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे सिंटू कुमार दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
ये भी पढ़ें: Bihar Fire: जिंदगी देने के सामान कैसे बना मौत का इंतजाम; मुजफ्फरपुर के अस्पताल में आग की वजह आई सामने
गुरुवार सुबह पंचायत के मुखिया ने परिवार को सूचना दी कि सिंटू का शव बहियार में एक पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
विलाप कर रही पत्नी प्रमल देवी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। प्रमल देवी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सिंटू कुमार पिछले तीन-चार वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था।
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।