फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: पूर्णिया में खौफनाक वारदात; गुजरात से लौटे मजदूर की पेड़ से लटकी लाश, पास रखा 50 हजार गायब

Tue, 14 Apr 2026 07:47 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

Bihar: पूर्णिया के बनभाग चुनापुर गांव में गुजरात से लौटे मजदूर रंजय ऋषि का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बेर के पेड़ से लटका मिला। शव की स्थिति और गले पर निशानों को देखते हुए परिजनों ने हत्या और लूट का आरोप लगाया है।  
विज्ञापन
लोगों ने घेरा पुलिस गाड़ी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्णिया जिले के बनभाग चुनापुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक मजदूर का शव संदिग्ध अवस्था में घर से लगभग दो किलोमीटर दूर एक सूखे बेर के पेड़ से लटका पाया गया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी स्वर्गीय रामलाल ऋषि के पुत्र रंजय ऋषि (45) के रूप में हुई है। घटना की भयावहता और परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है।

विज्ञापन


सोमवार को ही घर लौटा था मृतक
जानकारी के अनुसार रंजय ऋषि पिछले 5 वर्षों से गुजरात में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वह लगभग छह महीने बाद सोमवार की शाम ही अपने 12 साथियों के साथ गांव लौटे थे। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे सभी ने खाना खाया और सो गए थे। मंगलवार सुबह जब एक महिला मवेशी बांधने के लिए निकली तो उसने रंजय ऋषि का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। मृतक के दोनों बेटे मुंबई में और पत्नी पंजाब में मजदूरी करती हैं, जबकि घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।

लूटपाट के बाद अब हत्या की आशंका
घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों ने मौत की गुत्थी को और उलझा दिया है। शव के घुटने जमीन से सटे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या जैसा नहीं लग रहा है। मृतक के गले पर काले गहरे निशान पाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि रंजय अपने साथ 50 हजार रुपये नकद लेकर आए थे, जो अब गायब हैं। आरोप है कि लूटपाट के बाद उनकी हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।

विज्ञापन


जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी पुलिस बल, एफएसएल और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान खोजी कुत्ते ने स्थानीय निवासी मुसो ऋषि की ओर इशारा किया। पुलिस द्वारा उसे हिरासत में लेने का प्रयास किए जाने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि केवल कुत्ते के इशारे पर किसी निर्दोष को फंसाना गलत है।

एक महीने के भीतर तीसरी हत्या
प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर पुलिस जीप को रोके रखा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बनभाग चुनापुर गांव में पिछले एक महीने के भीतर यह तीसरी संदिग्ध मौत है। इससे पहले 5 मार्च और 8 अप्रैल को भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

ये भी पढ़ें: खेत से गेहूं लाने गई 13 साल की नाबालिग से दुषकर्म, गांव के तीन युवकों पर केस दर्ज

पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज

विज्ञापन

ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गांव में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज कर दी है, ताकि अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लूट और आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर मामले की गहन जांच कर रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें