कटिहार में 17 वर्षीय सतीश पिछले सात दिनों से लापता है। 28 अगस्त को वह घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कटिहार जिले में सात दिनों से लापता किशोर सतीश का मामला रहस्यमय बना हुआ है। 17 वर्षीय सतीश 28 अगस्त को घर से यह कहकर निकला था कि वह बबलू शाह की दुकान पर काम करने जा रहा है, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
विज्ञापन
परिवारवालों का कहना है कि देर रात तक घर नहीं लौटने पर जब खोजबीन की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला और बबलू शाह की दुकान भी ताला जड़ा मिला। हैरानी की बात यह है कि तब से दुकान मालिक बबलू शाह और उनके परिजन भी गायब बताए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बबलू शाह की बेटी और सतीश के बीच प्रेम संबंध थे, इसी वजह से उसके लापता होने की आशंका जताई जा रही है। परिवार का भी आरोप है कि प्रेम प्रसंग के कारण सतीश के साथ अनहोनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कराई है और अब डॉग स्क्वॉड की मदद से भी सुराग खोजे जाएंगे। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित एंगल से गहराई से जांच की जा रही है।