फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रील का जानलेवा शौक: पूर्णिया में माघी पूर्णिमा स्नान के दौरान सौरा नदी में डूबा युवक, परिवार में पसरा मातम

Mon, 02 Feb 2026 07:28 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

पूर्णिया के बेलौरी स्थित सौरा नदी में माघी पूर्णिमा स्नान के दौरान मोबाइल पर रील बनाते समय 26 वर्षीय युवक बेचन ऋषि की डूबने से मौत हो गई। शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
पूर्णिया GMCH में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन और पुलिस।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्णिया में माघी पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और उत्साह का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब सौरा नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा मोबाइल पर रील बनाने के दौरान हुआ। सोमवार सुबह युवक का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी स्थित सौरा नदी की है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सतडोभ (वार्ड संख्या 44) निवासी 26 वर्षीय बेचन ऋषि के रूप में हुई है।

मृतक के पिता चमकलाल ऋषि ने बताया कि रविवार शाम बेचन अपनी पत्नी और तीन दोस्तों के साथ माघी पूर्णिमा के स्नान के लिए घर से करीब तीन किलोमीटर दूर सौरा नदी गया था। स्नान के दौरान बेचन ने मोबाइल निकालकर वीडियो (रील) बनाना शुरू किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया।

नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला

विज्ञापन

हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद रविवार शाम बेचन की पत्नी और उसके दोस्त घर लौट आए, लेकिन बेचन उनके साथ नहीं था। परिजनों द्वारा पूछे जाने पर दोस्तों ने गुमराह करते हुए कहा कि वह वहीं रुक गया है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। पूरी रात बीत जाने के बाद भी जब बेचन घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

ये भी पढ़ें- Bihar: दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर भीषण जाम, 10 किमी तक थमे पहिए; वाहन चालक व यात्री भूखे-प्यासे हो रहे बेहाल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी

विज्ञापन

सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बेचन ऋषि के रूप में की। बेचन ऋषि पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, दो मासूम बेटे और एक बेटी हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सुदिन राम ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह हादसा है या इसमें किसी अन्य की भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन

 

पूर्णिया GMCH में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन और पुलिस

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें