कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा शनिवार को कटिहार पहुंचेगी। राहुल गांधी के साथ मंच पर तेजस्वी यादव, कन्हैया कुमार, इमरान प्रतापगढ़ी, मुकेश सहनी और पप्पू यादव जैसे विपक्षी नेता मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा शनिवार को कटिहार जिले में पहुंचेगी। इस मौके पर राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जिले को बैनर, पोस्टर, झंडे और होर्डिंग्स से सजा दिया है। विधायक डॉ. शकील अहमद खान ने कदवा के कुम्हरी चौक पर विशेष कार्यक्रम की तैयारी की है, जहां राहुल गांधी थोड़ी देर रुककर जनता को संबोधित करेंगे।
विज्ञापन
विपक्षी नेताओं का मेगा शो
इस यात्रा को ताकत देने के लिए मंच पर राहुल गांधी के साथ-साथ तेजस्वी यादव, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, मुकेश सहनी और पप्पू यादव जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में कटिहार विपक्षी दलों के शक्ति प्रदर्शन का गवाह बनेगा। कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ. शकील अहमद खान ने कहा कि कटिहार में ऐतिहासिक भीड़ जुटेगी।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “पिछली बार हम बेहद कम वोटों से सत्ता से दूर रह गए थे, इस बार चुनाव से पहले SIR कराकर सरकार वोट चोरी करने की साजिश कर रही है।” कटिहार में कांग्रेस और सहयोगी दलों ने माहौल पूरी तरह चुनावी बना दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि जनता राहुल गांधी की इस एंट्री को किस हद तक रिस्पॉन्स देती है।